Next Story
Newszop

एसएसबी की 24वीं बटालियन की तिरंगा यात्रा बनी देशभक्ति और एकता का संदेशवाहक

Send Push

कामरूप (असम), 14 अगस्त (Udaipur Kiran) । रंगिया स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 24वीं बटालियन के कमांडेंट एचके गुप्ता के नेतृत्व में गुरुवार काे आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से एक भव्य तिरंगा यात्रा मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ 24वीं बटालियन परिसर से कमांडेंट गुप्ता द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।

रैली में बटालियन के अधिकारी तथा जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया एवं मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पूर्ण जोश और तिरंगे के साथ, अनुशासन एवं उत्साह के अद्भुत समन्वय का परिचय देते हुए रवाना हुए। इस रैली का नेतृत्व कमांडेंट ने स्वयं किया।

इस अवसर पर कमांडेंट गुप्ता ने बटालियन के अधिकारियाें एवं जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि तिरंगा न केवल हमारे राष्ट्र का प्रतीक है, बल्कि यह हमारी स्वतंत्रता, बलिदान, एकता और अखंडता का पावन प्रतीक है। इसे ऊंचा रखना हम सबका कर्तव्य है। हमारे जवान सीमा पर ही नहीं, बल्कि हर उस स्थान पर देशभक्ति का संदेश लेकर जाते हैं जहां उनकी उपस्थिति होती है। तिरंगा हमारे साहस, हमारे त्याग और हमारे गौरव का प्रतीक है।

यह मोटर साईकिल रैली राष्ट्रीय राजमार्ग से होते हुए रंगिया टाउन के प्रमुख स्थलों- मुख्य बाजार, रेलवे स्टेशन चौराहा, बस अड्डा आदि से होकर पुन: बटालियन परिसर में संपन्न हुयी। रैली के दौरान पूरे मार्ग में भारत माता की जय, वंदे मातरम और जय हिंद के गगनभेदी नारे गूंजते रहे। तिरंगे के रंग में रंगी सड़कों पर देशभक्ति का माहौल देखते ही बनता था। रास्ते भर नागरिकों, व्यापारियों, स्कूली बच्चों और युवाओं ने देशभक्ति के नारों से रैली का गर्मजोशी से स्वागत किया।

इसी क्रम में वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत कमांडेंट ने अधिकारियों एवं जवानों के साथ मिलकर पौधारोपण भी किया| उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक कदम है, बल्कि यह भावी पीढ़ियों के लिए एक हरित और स्वच्छ भविष्य का संकल्प भी है।

रैली का समापन उत्साह, एकता एवं देशभक्ति के साथ हुआ। समापन स्थल पर कमांडेंट गुप्ता द्वारा सभी अधिकारीयों एवं जवानों को धन्यवाद दिया गया और उन्होंने रैली एवं पाैधरोपण कार्यक्रम के सफल संचालन में सभी की सक्रिय भागीदारी और सहयोग की प्रशंसा की। ———————-

(Udaipur Kiran) / अरविन्द राय

Loving Newspoint? Download the app now